एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत जिला सड़क सुरक्षा समिति, जिला शिमला द्वारा 31 जनवरी 2026 को माल रोड, द रिज, शिमला में रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, शिमला विश्वा मोहन चौहान ने जिला शिमला के समस्त निजी बस ऑपरेटर यूनियनों, निजी टैक्सी ऑपरेटर यूनियनों, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के सभी चालकों, परिचालकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों, पैदल यात्रियों एवं सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से इस जनहितकारी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।
आरटीओ शिमला एवं सदस्य सचिव, जिला सड़क सुरक्षा समिति ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। परिवहन क्षेत्र से जुड़े चालकों के लिए नियमित नेत्र जांच अनिवार्य है, वहीं आम नागरिकों एवं पैदल यात्रियों के लिए भी दृष्टि परीक्षण स्वयं की तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
इसके साथ ही रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के माध्यम से हम अनमोल जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने सभी परिवहन संगठनों एवं आमजन से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें, रक्तदान करें एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का लाभ उठाएँ, ताकि एक सुरक्षित, संवेदनशील और उत्तरदायी यातायात व्यवस्था का निर्माण किया जा सके।
“सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। आइए, हम सभी मिलकर इस पहल को सफल बनाएं और Arrive Alive के संदेश को आत्मसात करें।”
