एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
बिलासपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ की ओर से खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र (एसटीसी), बिलासपुर में आवासीय योजना के तहत चयन परीक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। यह ट्रायल सत्र 2025–26 के लिए केवल लड़कों हेतु होंगे। एसटीसी बिलासपुर के प्रभारी विजय प्रकाश नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि चयन परीक्षण मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) और कबड्डी खेलों के लिए 19 और 20 फरवरी 2026 को आयोजित होंगे। चयन प्रक्रिया साई की आवासीय योजना के नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 12 से 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी पात्र होंगे, जबकि 12 से 16 वर्ष आयु वर्ग को प्राथमिकता दी जाएगी। इच्छुक खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल प्रमाण पत्र और तीन हालिया पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य है। पात्र खिलाड़ी 19 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे एसटीसी बिलासपुर परिसर में उचित खेल वेशभूषा में उपस्थित हों। चयनित खिलाड़ियों को अलग से सूचना दी जाएगी। हालांकि, ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को टीए/डीए देय नहीं होगा।
🎯 मिलेंगी ये सुविधाएं
साई की एसटीसी आवासीय योजना के अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों को —
✔ निःशुल्क आवास एवं भोजन
✔ शिक्षा शुल्क
✔ चिकित्सा सुविधा
✔ प्रतियोगिताओं में भागीदारी
✔ बीमा कवर
✔ खेल किट सहित अन्य सुविधाएं
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष संख्या 01978-222405 पर संपर्क कर सकते हैं।
