एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन बी.एड./एम.एड. संस्थान में नव सत्र 2025-27 का शुभारंभ माँ सरस्वती और पीपल के वृक्ष पूजन तथा हवन के माध्यम से विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर प्रातः 11 बजे संस्थान के अध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार ने अपने संबोधन में संस्थान की उपलब्धियों और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
डॉ. कुमार ने बताया कि 2005 से मानव कल्याण शिक्षा समिति के अंतर्गत यह संस्थान प्रशिक्षु छात्रों का सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान हिमाचल प्रदेश में बी.एड. और एम.एड. शिक्षा में गोल्ड मेडल प्राप्त करने और प्रदेश में आठ बार टॉप रैंक हासिल करने में अग्रणी रहा है। संस्थान से प्रशिक्षित छात्र सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में नियुक्त होकर इसकी शैक्षिक गुणवत्ता का परिचय देते हैं। उन्होंने नव प्रवेशित प्रशिक्षुओं को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने के लिए मेहनत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने मुख्य अतिथि, अन्य विशिष्ट अतिथि गण, अध्यापक एवं कर्मचारी वर्ग का स्वागत करते हुए नव प्रवेशित प्रशिक्षुओं को संस्थान की शिक्षा प्रणाली और गुणात्मक शिक्षा की जानकारी दी। डॉ. भारद्वाज ने कहा कि संस्थान प्रशिक्षुओं को संवेदनशील, सृजनशील और समर्पित शिक्षक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले दो वर्षों में प्रशिक्षु विषय ज्ञान के साथ-साथ मानवीय मूल्य, नैतिकता और नेतृत्व कौशल भी सीखेंगे। मानव कल्याण शिक्षा समिति के सभी सदस्य, संस्थान के शिक्षक, गैर-शिक्षक और द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षु छात्र इस शुभारंभ अवसर पर उपस्थित रहे।
