एआरबी टाइम्स ब्यूरो, सोलन
औद्योगिक कस्बे नालागढ़ के दभोटा क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में साढ़े चार साल की नर्सरी की छात्रा की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना के समय टैंक का ढक्कन खुला हुआ था, जिससे बच्ची खेलते-खेलते उसमें गिर गई। दोपहर लगभग 12:40 बजे स्कूल की पियून ने सूचना दी कि सेप्टिक टैंक में बच्ची गिर गई है। जब लोग मौके पर पहुंचे, तो टॉयलेट के पास बने टैंक का एक ढक्कन खुला मिला। टैंक के अंदर झांकने पर बच्ची मनजोत कौर (साढ़े चार वर्ष) अंदर गिरी हुई थी। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि अगर टैंक का ढक्कन ठीक से बंद होता, तो यह हादसा नहीं होता। उन्होंने इसे स्कूल संचालक की गंभीर लापरवाही बताया।
सूचना मिलने पर दभोटा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसएचओ नालागढ़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से बच्ची की मौत होना पाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 106 के तहत लापरवाही से मृत्यु का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक घटना से दभोटा और आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी निजी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।अभिभावकों का कहना है कि छोटे बच्चों की सुरक्षा में इस तरह की लापरवाही अस्वीकार्य है और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
