एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सनारसा में बैग-फ्री डे के उपलक्ष्य में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, कोर्नर गतिविधियाँ और इंटर-हाउस साइंस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह और सफलतापूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और विज्ञान विषयों के प्रति रुचि उत्पन्न करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के विज्ञान विभाग के विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रदर्शनी में शालिनी (व्याख्याता – रसायन विज्ञान), लाल कृष्ण (व्याख्याता – भौतिक विज्ञान), दीक्षा शर्मा (टीजीटी – मेडिकल) तथा वीरेंद्र ठाकुर (टीजीटी – नॉन मेडिकल) उपस्थित रहे और मॉडल्स का मूल्यांकन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य भीम सिंह वर्मा ने बताया कि विद्यालय में प्रतिवर्ष इस प्रकार की विज्ञान गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी चारों सदनों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और लगभग 105 विज्ञान मॉडल बनाकर प्रदर्शित किए। ये मॉडल्स विभिन्न विज्ञान विषयों जैसे पर्यावरण, ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स आदि पर आधारित थे।
प्रधानाचार्य श्री वर्मा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करती हैं और उन्हें भविष्य के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तैयार करती हैं। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण और प्रेरणादायक संदेश के साथ हुआ।