एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर के सेग्रिगेशन प्वाइंट पर दिवाली की रात भीषण आग लग गई, जिससे करीब 85 लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई। इस हादसे में कचरा प्रबंधन से जुड़े अहम उपकरण, जिनमें कम्पोस्टर और कटिंग मशीनें शामिल थीं, पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह, कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी और अन्य कर्मचारी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। वहीं, अग्निशमन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए देर रात तक आग पर काबू पा लिया।
साजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चला है, लेकिन प्रारंभिक जांच में इसे साजिश माना जा रहा है। कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने बताया कि आग लगने के पीछे शरारती तत्वों का हाथ हो सकता है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है और मामला दर्ज कर लिया गया है। नगर परिषद द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया और अब वह भी फुटेज की जांच कर रही है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी स्थान पर आगजनी की घटना हो चुकी है, जिससे यह आशंका और गहरा गई है कि यह किसी शरारती तत्व का काम हो सकता है। क्योंकि यह घटना सवा छह बजे करीब की बताई जा रही है।
यह घटना नगर परिषद के कचरा प्रबंधन कार्य को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
