एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
एसएफआई रामपुर इकाई द्वारा अध्यक्ष विकास समिति कुल्लू, सुंदर सिंह ठाकुर को छात्र और विकास खंड निरमंड के जगातखाना की क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान एसएफआई नेता राहुल विद्यार्थी ने कहा कि संगठन हमेशा से छात्र हितों और सामाजिक मुद्दों को गंभीरता से उठाता आया है और आगे भी उठाता रहेगा।
राहुल विद्यार्थी ने बताया कि चाटी रोड की स्थिति बेहद बदहाल है, जिससे रोजाना यात्रियों और छात्रों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क पर अत्यधिक धूल होने के कारण छात्रों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। एसएफआई ने मांग की कि चाटी रोड को जल्द से जल्द पक्का किया जाए तथा पानी की निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि चाटी क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र रहते हैं, लेकिन चाटी बाजार व पुल के आसपास स्ट्रीट लाइट्स की व्यवस्था नहीं है, जिससे शाम के समय छात्रों को गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एसएफआई ने मांग की कि जल्द से जल्द चाटी पुल और बाजार क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट्स स्थापित की जाएं।
राहुल विद्यार्थी ने यह भी कहा कि चाटी क्षेत्र छात्रों का एक प्रमुख केंद्र है, लेकिन यहां खेल मैदान, लाइब्रेरी और चिकित्सालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इन सुविधाओं के अभाव में छात्रों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसलिए इन सभी सुविधाओं की शीघ्र स्थापना की मांग की गई।
इस पर अध्यक्ष विकास समिति कुल्लू, सुंदर सिंह ठाकुर ने सभी मांगों को गंभीरता से लेने और जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मीना राम, मृदुल, पूजा, विनायक, सूरज, सुजल सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।
