एआरबी टाइम्स ब्यूरो,शिमला
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने नारकंडा के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में घायल लोगों का आज IGMC शिमला में जाकर कुशलक्षेम जाना। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों को प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त ने बताया कि कुमारसैन व रामपुर प्रशासन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार घायलों की देखरेख में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत डॉक्टरों की एक विशेष टीम घायलों की निरंतर निगरानी कर रही है।
उल्लेखनीय है कि गत देर रात नारकंडा के समीप एक टेम्पो ट्रैवलर दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें कुल 33 लोग सवार थे, जोकि नेपाली मूल के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद सभी सवारियों को तत्काल सिविल अस्पताल कुमारसैन ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को IGMC शिमला रेफर किया गया। इनमें 8 महिलाएं, 7 पुरुष और 1 बच्चा शामिल हैं। वहीं, 17 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
इस मौके पर उपायुक्त के साथ अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, डीएसपी नरेश शर्मा, तहसीलदार शिमला ग्रामीण संजीव गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
