एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला के उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने कहा है कि मानसून के चलते प्रदेश में भारी नुकसान हुआ है, लेकिन जिला प्रशासन हर प्रकार की आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से सजग और तैयार है।
उपायुक्त ने सोमवार को जिला के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहने के निर्देश दिए।
24×7 राहत-बचाव के लिए तैनात रहेंगी आपदा प्रतिक्रिया टीमें
उपायुक्त ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को 24×7 तैयार रहने के निर्देश दिए।
टीमों की तैनाती निम्न स्थानों पर की गई है:
शिमला शहर की लिफ्ट के पास
मॉल रोड पुलिस सहायता कक्ष के पास
सुन्नी
पराला
रामपुर
सभी टीमों को उपलब्ध संसाधनों की समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्कूल भवनों की जांच अनिवार्य, ऑनलाइन शिक्षा रहेगी विकल्प
उपायुक्त ने कहा कि जिले में सभी स्कूल फिलहाल खुले रहेंगे, लेकिन यदि किसी क्षेत्र में आपदा जैसी स्थिति बनती है तो सम्बंधित एसडीएम स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर सकते हैं।
उन्होंने सभी स्कूलों को अपने भवनों की सुरक्षा जांच करने तथा आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली तैयार रखने के निर्देश दिए।
आपदा मित्रों व युवा स्वयंसेवियों से ली जाएगी मदद
जिले में आपदा से निपटने के लिए 200 प्रशिक्षित आपदा मित्र तैयार किए गए हैं।
इनके साथ-साथ युवा स्वयंसेवियों की भी मदद ली जाएगी ताकि राहत और बचाव कार्य तेजी से हो सकें।
मानसून के दौरान खुदाई और कटाई पर पूर्ण प्रतिबंध
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि मानसून के दौरान खुदाई, उत्खनन और कटाई कार्यों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी कटाई वाले स्थानों को तिरपाल से ढकने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भूस्खलन की संभावना को रोका जा सके।
एसडीएम बनाएं अस्थाई पुनर्वास योजना
सभी उपमंडल दंडाधिकारियों को अस्थाई पुनर्वास केंद्रों की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जाएंगी ताकि आपदा के समय किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
खाद्यान्न और चिकित्सा सुविधा की तैयारी रहे मुकम्मल
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को हर क्षेत्र में 2-3 डॉक्टरों की टीम तैनात करने को कहा गया है।
आपातकाल में निजी एम्बुलेंस और शव वाहन चालकों से संपर्क में रहने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।
सोशल मीडिया अफवाहों से रहें सावधान
उपायुक्त ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया की अफवाहों पर विश्वास न करें।
सभी आधिकारिक जानकारियां केवल निम्न पेजों से प्राप्त करें:
DC Shimla
Shimla Police
DPRO Shimla
District Disaster Management Authority Shimla
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में एसपी संजीव कुमार गांधी, एडीएम ज्योति राणा, एडीएम पंकज शर्मा, एसडीएम मंजीत शर्मा, एसी देवी चंद ठाकुर, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।