एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला के उपनगर टुटू को आज एक और बड़ी सौगात मिली जब लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने 6.5 करोड़ रुपए की लागत से बनी तीन मंजिला वाहन पार्किंग का विधिवत शुभारंभ किया। इस आधुनिक पार्किंग में लगभग 80 से 100 वाहनों के खड़े होने की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे स्थानीय लोगों को यातायात एवं पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वे राजनीति से ऊपर उठकर सभी धर्मों एवं वर्गों के लोगों को साथ लेकर चलते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने बताया कि शिमला और धर्मशाला को स्मार्ट सिटी योजना में शामिल करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों से ही इस वाहन पार्किंग की आधारशिला रखी गई थी। शहर की यातायात सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए 1600 करोड़ की लागत से शिमला में विभिन्न स्थानों को जोड़ने वाले रोपवे का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी प्रक्रिया प्रगति पर है। जल संकट को लेकर भी उन्होंने विस्तार से जानकारी दी। 105 करोड़ की लागत से बनी घरोग-घण्डल उठाऊ पेयजल योजना के माध्यम से अस्थाई समाधान दिया गया है, जबकि वर्ल्ड बैंक की सहायता से 1200 करोड़ की लागत वाली चाबा स्थित सतलुज उठाऊ पेयजल योजना का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इसके पहले चरण के अंतर्गत शीघ्र जलापूर्ति शुरू हो जाएगी, जिससे पूरे शिमला और टुटू क्षेत्र को राहत मिलेगी।
सीवरेज नेटवर्क के विस्तार पर बोलते हुए मंत्री ने बताया कि टुटू और मज्याठ क्षेत्रों की पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए वन विभाग से स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है, और शीघ्र ही सीवरेज लाइन का कार्य आरंभ किया जाएगा। स्वास्थ्य और सड़क विकास के क्षेत्र में भी कई घोषणाएं की गईं। टुटू के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन के लिए रिवाइज्ड टेंडर प्रक्रिया चल रही है। विजयनगर एम्बुलेंस रोड के निर्माण के लिए पहले ही 12 लाख रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं, और इसमें अतिरिक्त 10 लाख रुपए देने की घोषणा भी की गई। बंगाला कॉलोनी के लिए 2.5 लाख का बजट और पुराने घरों को नियमित करने के मुद्दे को सरकार के समक्ष उठाने की बात भी कही गई।
इसके अतिरिक्त जुब्बड़हट्टी संपर्क सड़क की मरम्मत और टुटू-मज्याठ वार्ड के विकास के लिए 10 लाख रुपए की राशि विधायक निधि से स्वीकृत की गई है।
महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि शिमला के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य किए जा रहे हैं, और वाहन पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए शहर में छोटी पार्किंगों का निर्माण किया जाएगा। वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया है, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय नगर पार्षद मोनिका भारद्वाज ने बताया कि टुटू वार्ड में वर्तमान में 31 निर्माण कार्य चल रहे हैं, जिन पर 1.6 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान “मंत्री आपके द्वार” अभियान के अंतर्गत मंत्री ने जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों के सहयोग से अधिकतर समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया।
