एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि जिले के सभी उपमंडलों में ब्लैक स्पॉट्स की सूची तैयार की जाए, ताकि इनके सुधार के लिए वित्तीय प्रावधान किया जा सके।
उन्होंने पुलिस विभाग को उपमंडलवार सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत डाटा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि उसके आधार पर ठोस कदम उठाए जा सकें। उपायुक्त ने संबंधित विभागों से यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, ब्लैक स्पॉट्स को प्राथमिकता से चिन्हित कर सुधार करने, सड़क चिन्हों व चेतावनी पट्टिकाओं की व्यवस्था करने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
शिमला में बनेगा सड़क सुरक्षा पार्क
उपायुक्त ने जानकारी दी कि शिमला के एक विद्यालय में सड़क सुरक्षा पार्क का निर्माण किया जाएगा, जहां विभिन्न स्कूलों के छात्र सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शहर के प्रमुख स्थानों और प्रवेश द्वारों पर सड़क चिन्ह व चेतावनी पट्टिकाएं लगाई जाएंगी।
सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए समय-समय पर रैलियां और शिविर आयोजित होंगे। शिमला शहर में एक विशेष रैली तथा जिला के सभी स्कूलों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त परिवहन विभाग को आधुनिक तकनीक आधारित सड़क निर्माण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रिज मैदान पर होगा मेगा रक्तदान शिविर
बैठक में निर्णय लिया गया कि शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर एक मेगा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर से सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही वाहन चालकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे।
सभी एम्बुलेंस को जोड़ा जाएगा जीपीएस से
उपायुक्त ने बताया कि जिले की सभी सरकारी व निजी एम्बुलेंस को जीपीएस से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि दुर्घटना की स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित हो सके। विभागीय अधिकारियों को एम्बुलेंस की नियमित जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल शर्मा, डीएसपी शक्ति सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
