एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। ताजा मामले में जिला पुलिस ने पंजाब के खरड़ से एक बड़े सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जिसने शिमला में चिट्टे (हेरोइन) की सप्लाई की थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पंजाब के खरड़ निवासी आरोपी रोबिन ही कोटखाई क्षेत्र में पकड़े गए नशे की सप्लाई कर रहा था। इसी आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
यह मामला 14 जनवरी का है, जब थाना ठियोग के तहत रहीघाट में जीरो प्वाइंट के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान कोटखाई निवासी अभिलाष को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.5 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ था। इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि इस नशे की सप्लाई पंजाब से की जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने सप्लायर की तलाश तेज की और आखिरकार उसे खरड़ से गिरफ्तार कर लिया।
अदालत से पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया
मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब उससे नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि पिछले दो महीनों में शिमला पुलिस 11 बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें कई अंतरराज्यीय गिरोह भी शामिल हैं, जिससे यह साफ होता है कि प्रदेश में नशे का नेटवर्क व्यापक स्तर पर फैला हुआ है।पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। नेटवर्क के सरगनाओं तक पहुंचकर उन्हें सलाखों के पीछे भेजने का काम लगातार जारी रहेगा।
