एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई उपमंडल में एक निजी डे बोर्डिंग स्कूल के हॉस्टल से 9वीं कक्षा की छात्रा जेसिका शर्मा (16) ने रविवार सुबह आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा सुबह 6 बजे हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदी, जब ज्यादातर बच्चे रविवार की छुट्टी के कारण सो रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतका हरियाणा के पानीपत जिले के उरलाना गांव की रहने वाली थी और पिछले दो साल से कोटखाई के रूट्स कंट्री स्कूल, बागी में पढ़ाई कर रही थी।
परिजनों के अनुसार, जेसिका हाल ही में घर से लौटी थी और स्कूल के एनएसएस कैंप में भाग ले रही थी। इस कैंप में उसने दो मेडल भी जीते थे। परिवार का कहना है कि जेसिका ने कभी भी किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था, इसलिए यह कदम अब तक रहस्य बना हुआ है। घटना के बाद छात्रा को कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम IGMC शिमला में सोमवार को होगा।
मां से कही थी अगले सत्र में यहां प्रवेश न लेने की बात
छात्रा के चाचा अमित शर्मा ने बताया कि जेसिका हाल ही में बीमार होने के बाद घर आई थी। शनिवार शाम उसने मां से फोन पर कहा था कि “पापा को बोलना कि मुझे अगले सत्र से यहां एडमिशन नहीं लेना। परिजनों ने पुलिस के साथ स्कूल और हॉस्टल की सीसीटीवी फुटेज भी देखीं। उसमें छात्रा सुबह पांचवीं मंजिल पर जाती हुई दिखी, लेकिन जिस स्थान से वह गिरी या कूदी, वह स्पष्ट नहीं है। फुटेज में केवल उसका गिरना ही कैप्चर हुआ है। पुलिस के मुताबिक, हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।