एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
जिला शिमला सैनिक कल्याण बोर्ड की बैठक जल शक्ति विभाग के रेस्ट हाउस, रामपुर में अध्यक्ष कैप्टन रवि राज कायथ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला शिमला एवं किन्नौर पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के निदेशक लेफ्टिनेंट कमांडर अतुल चम्याल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक कल्याण यूनियन के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक और वीर नारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। बैठक में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम में ईसीएचएस झाकड़ी की मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। डॉ. ऋषभ के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
पूर्व सैनिक कल्याण यूनियन रामपुर के सचिव पूर्व हवलदार गोपू राम राणा ने बताया कि बैठक में रामपुर में एक सामुदायिक भवन निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। साथ ही युद्धकाल में शहीद हुए वीर नारियों के हाउस टैक्स में छूट सहित अन्य प्रमुख समस्याओं पर चर्चा हुई। निदेशक लेफ्टिनेंट कमांडर अतुल चम्याल ने इन समस्याओं को गंभीरता से सुनने और सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
बैठक में रामपुर के कई पूर्व सैनिक और आश्रित वीर नारियों के साथ पूर्व सैनिक कल्याण यूनियन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
