एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
शिमला जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन ने जिला परिषद वार्डों के पुनर्सीमांकन के बाद उनकी अंतिम सूची जारी करते हुए अधिसूचना प्रकाशित कर दी है। नई व्यवस्था के तहत अब जिले में जिला परिषद के कुल 25 वार्ड होंगे, जबकि पहले इनकी संख्या 24 थी। खशधार वार्ड को विभाजित कर क्वार को नया जिला परिषद वार्ड बनाया गया है।प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया है कि पुनर्सीमांकन को लेकर प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा कर लिया गया है। इसके बाद ही अंतिम सूची जारी की गई है। अब अगले चरण में वार्डों के लिए रोस्टर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
📍 किस वार्ड में कितनी पंचायतें?
🔹 रामपुर विकास खंड
त्यावल-ज्यूरी (वार्ड नंबर 1) – 16 पंचायतें
झाकड़ी – 10 पंचायतें
नरैण – 13 पंचायतें
🔹 ननखड़ी विकास खंड
बगलती – 15 पंचायतें
🔹 छौहारा विकास खंड
सीमा-रंटाड़ी – 15 पंचायतें
क्वार (नवगठित) – 5 पंचायतें
खशधार – 14 पंचायतें
🔹 रोहड़ू विकास खंड
अढाल – 19 पंचायतें
टिक्कर – 16 पंचायतें
🔹 जुब्बल विकास खंड
सरस्वती नगर – 19 पंचायतें
अढाल – 14 पंचायतें
🔹 कोटखाई विकास खंड
कलबोग – 18 पंचायतें
🔹 चौपाल-कुपवी विकास खंड
मंझोली – 23 पंचायतें
पौड़िया – 18 पंचायतें
सरांह – 22 पंचायतें
🔹 ठियोग विकास खंड
घोड़ना – 18 पंचायतें
देवरीघाट – 21 पंचायतें
केलवी – 20 पंचायतें
🔹 मशोबरा विकास खंड
चमियाना – 15 पंचायतें
बल्देयां – 15 पंचायतें
🔹 टुटू विकास खंड
बढ़ई – 15 पंचायतें
हलोग-धामी – 19 पंचायतें
🔹 बसंतपुर विकास खंड
बसंतपुर – 24 पंचायतें (सर्वाधिक)
🔹 कुमारसैन
कुमारसैन – 14 पंचायतें
भुट्टी – 14 पंचायतें
उपायुक्त ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को वार्डों के अंतिम प्रकाशन पर आपत्ति है, तो वह अधिसूचना जारी होने के दस दिन के भीतर मंडलायुक्त के समक्ष अपील दायर कर सकता है। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
🏘️ 15 नई पंचायतों के गठन पर सुनवाई लगभग पूरी
जिले में पंचायतों के पुनर्सीमांकन की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। 15 नई पंचायतों के गठन को लेकर प्राप्त आपत्तियों पर सुनवाई लगभग पूरी हो चुकी है। मंगलवार को आपत्तियां दर्ज कराने का अंतिम दिन था, जिसके चलते कई पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं। प्रशासन का कहना है कि सभी आपत्तियों के निपटारे के बाद शीघ्र ही अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी।
