एआरबी टाइम्स ब्यूरो | नाहन
हिमाचल प्रदेश में आग से होने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। सोलन जिले के अर्की क्षेत्र में हुए हादसे के बाद अब सिरमौर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के नौहराधार के आने वाले तलागना गांव में बुधवार देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में बचा लिया गया है। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों समेत छह लोगों की मौत ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
रात दो से तीन बजे के बीच हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि मकान में अचानक आग भड़क उठी, जिससे सो रहे परिवार के लोगों को संभलने का मौका नहीं मिल पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। शॉर्ट सर्किट के बाद रसोई में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान चंद मिनटों में आग की लपटों में घिर गया और देखते ही देखते जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि मकान के अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। इस दर्दनाक हादसे में नरेश कुमार निवासी गांव टपरोली, उनकी पत्नी तृप्ता, कविता निवासी कुमड़ा नेरवा, कृतिका, कार्तिक और सारिका की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त घर में कुछ पालतू मवेशी भी बंधे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए।
इंद्रा देवी ने खाेईं दो बेटियां, उनके तीन बच्चे और एक दामाद
दर्दनाक हादसे से इंद्रा देवी को गहरा अघात पहुंचा है। आग में उनकी दो बेटियों समेत उनके तीन बच्चों और एक दामाद की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा दामाद गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहराधार में उपचार चल रहा है। लोकेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह माघी पर्व मनाने के लिए अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल गांव तलागना आया हुआ था। उनके साथ उनकी साली और उसका पति भी आए थे। बुधवार रात करीब 11 बजे सभी लोगों ने खाना खाया और अपने-अपने कमरों में सो गए। रात करीब तीन बजे अचानक कमरे में धुआं भर गया और रसोई से जोरदार धमाके की आवाज आई। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद क्या हुआ, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। परिवारजनों को खोने से वह सदमे में हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
