एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के झाकड़ी स्थित प्राचीन देवी साहिबा लाटी जाहरी, खड़काग मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) एवं एसजेवीएन फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कोठी का शिलान्यास कर किया। इस परियोजना के तहत एसजेवीएन द्वारा कुल ₹36,28,379 की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, जिसमें से पहली किश्त ₹14,51,352 जारी की गई है।

अपने संबोधन में अजय कुमार शर्मा ने कहा कि एसजेवीएन परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। संस्था स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक धरोहरों को संजोने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से 2020 के दौरान भी एसजेवीएन ने इस मंदिर के विकास हेतु ₹26,20,434 की वित्तीय सहायता दी थी, जिसके तहत इंटरलॉकिंग पेवर, चेन-लिंक बाड़, पक्का पथ निर्माण और मेले के आयोजन के लिए अनुदान राशि दी गई थी। शर्मा ने मौके पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत एक पौधा भी रोपित किया। साथ ही, परियोजना प्रभावित व्यक्ति के माध्यम से भाड़े पर लिए गए ईवी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंदिर कमेटी अध्यक्ष ठाकुर दास राठी ने कहा कि यह मंदिर नाथपा झाकड़ी परियोजना स्थल से महज कुछ दूरी पर स्थित है, परंतु अब तक उपेक्षित रहा। उन्होंने एसजेवीएन निदेशक अजय कुमार शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से अब मंदिर का जीर्णोद्धार शुरू हो चुका है, जिससे क्षेत्र में एकता और सामाजिक समरसता का संदेश जा रहा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिला मंडल, युवक मंडल और स्थानीय संगठन उपस्थित रहे और मुख्य अतिथि का टोपी व शॉल भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर एनजेएचपीएस परियोजना प्रमुख राजीव कपूर, सभी विभागाध्यक्ष सहित रूपेश पारपे, अजय कुमार, सोनी कुमार, सुनील दत्त शर्मा, ज्ञान चंद ठाकुर, मनीष शर्मा, कौशल्या नेगी, नतीश कुमार, संदीप नेगी, बृज उपाध्याय, झाकड़ी पंचायत प्रधान सुषमा देवी, बीडीसी सदस्य चिंता देवी, गौरा पंचायत प्रधान अजय राणा, सनारसा पंचायत प्रधान मस्तराम चौहान तथा मंदिर कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
