एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजाति विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला किन्नौर के बारंग गांव में 12 लाख रुपये की लागत से निर्मित पटवार सर्कल बारंग भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस नई सुविधा से क्षेत्र के ग्रामीणों को अब अपने नजदीकी क्षेत्र में ही राजस्व संबंधी कार्य करने का स्थायी कार्यालय मिल गया है, जिससे समय और धन की बचत होगी।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि बारंग पटवार सर्कल भवन के निर्माण से भूमि अभिलेख, म्यूटेशन, सीमांकन, नक्शा जारी करने जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।
राजस्व मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने राजस्व विभाग में तकनीकी नवाचारों को प्रोत्साहित किया है। भूमि अभिलेखों का डिजिटलीकरण, ऑनलाइन म्यूटेशन प्रणाली और लोक शिकायत निवारण पोर्टल जैसी सेवाओं ने राजस्व प्रक्रियाओं को सरल और उत्तरदायी बनाया है।
उद्घाटन के बाद मंत्री ने वन विश्राम गृह शोंगठोंग में बारंग व मेंबर गांव के जनप्रतिनिधियों से सड़क विस्तार और सीवरेज निर्माण पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित समाधान हो ताकि क्षेत्रवासियों को कोई असुविधा न हो।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इन भवनों के माध्यम से सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करना है। किन्नौर सहित प्रदेश के सभी दुर्गम क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार कर विकास की मुख्यधारा में हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
