एआरबी टाइम्स ब्यूरो
साेलन। भाजपा जिला सोलन द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विशेष रूप से भाग लिया। यह यात्रा सोलन के माल रोड से प्रारंभ हुई, जहां वातावरण ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
हजारों कार्यकर्ताओं ने नड्डा का भव्य स्वागत किया। उन्हें एक ओपन जीप में तिरंगा यात्रा में ले जाया गया। नड्डा ने कार्यकर्ताओं से हाथ मिलाकर संवाद किया, जिससे उनमें जोश और उत्साह की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर कई समाजसेवी संस्थाओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने कहा कि सोलन के माल रोड पर देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों ने पूरे जोश के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
उन्होंने कहा, “हम अपनी सेनाओं के अदम्य साहस को नमन करते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को धन्यवाद देते हैं।”
साथ ही, डॉ. बिन्दल ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विमल नेगी की मौत के मामले में सरकार जांच में सहयोग नहीं कर रही है। पैन ड्राइव डाटा वाशआउट और उसके दोबारा प्रस्तुत किए जाने जैसे गंभीर मामलों पर सरकार सवालों के घेरे में है। जनता का सरकार से भरोसा उठ चुका है, और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है।
इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, सांसद सुरेश कश्यप व डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, सुरेश चंदेल, जिला अध्यक्ष रतन पाल, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता और विवेक शर्मा भी उपस्थित रहे।