एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सलोगड़ा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सौतेले बाप ने ढाई साल के मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राज थापा (निवासी नेपाल) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 10–12 दिन पहले आरोपी का अपनी पत्नी तारा देवी और उसके पहले पति राजेंद्र महत के साथ बच्चे के पालन-पोषण को लेकर विवाद हुआ था।बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते 28 फरवरी को आरोपी ने मासूम की गला घोंटकर हत्या कर दी।
पहले बताया गया हादसा
28 फरवरी की शाम पुलिस को सूचना मिली कि सलोगड़ा में नेपाल मूल के ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई है। परिजनों ने बताया कि बच्चा आंगन में खेलते समय गिर गया था। उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को वापस घर ले आया गया। अगले दिन 1 मार्च को जब बच्चे को दफनाने ले जाया जा रहा था, तब कुछ ग्रामीणों को बच्चे की गर्दन और शरीर पर चोट के निशान संदिग्ध लगे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा। रिपोर्ट में गला घोंटने के स्पष्ट संकेत मिले, जिससे मामला पूरी तरह बदल गया।
हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बच्चे के सगे पिता ने सोलन पुलिस थाने में सौतेले पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पारिवारिक रंजिश हत्या की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
