एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
बुशहर बी.एड संस्थान नोगली कलना में आज विशेष अभियान 5.0 के तहत स्वच्छ भारत अभियान 2025 के दूसरे चरण के अंतर्गत कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर परिसर और आसपास की जगह को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखने के लिए नवागंतुक छात्र-छात्राओं ने विशेष पहल की। द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न पाठशालाओं में चार महीने की टीचिंग प्रैक्टिस कर रहे छात्रों ने भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. तिलक राज भारद्वाज ने बताया कि यह पहल भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से शुरू की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वच्छता और प्रशासनिक सुधार सुनिश्चित करना है। यह अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना, ई-कचरे का वैज्ञानिक निपटान, पुराने रिकॉर्ड और ई-फाइलों का समापन प्रमुख कार्य हैं। पहला चरण 15 सितंबर से 30 सितंबर 2025 तक चलाया गया था और दूसरा चरण 2 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2025 तक जारी है।
संस्थान के अध्यक्ष पवन आनंद, कोषाध्यक्ष हितेंद्र गुप्ता, और सचिव इंजीनियर राजीव शर्मा ने सभी आचार्य वर्ग और प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को इस पहल के लिए बधाई दी और भविष्य में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया।
