एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक ने आज राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव-2025 की सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने दायित्व समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न राज्यों से आने वाले सांस्कृतिक दलों, किन्नौर जिले के लोक नृत्य दलों, प्लॉट आबंटन और महिला स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल आबंटन करने के विषय में विस्तार से चर्चा हुई।
अमित कल्थाईक ने कहा कि 25 अक्तूबर 2025 को प्रातः 10:30 बजे व्यापारी एवं कारोबारी उपायुक्त कार्यालय, रिकांग पिओ में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। इसी दिन झूला और तंबोला के प्लॉट की नीलामी भी की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिला प्रशासन राष्ट्र स्तरीय जनजातीय उत्सव के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कार्यक्रम का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।
बैठक में परियोजना अधिकारी आई.टी.डी.पी घनश्याम दास शर्मा, जिला इंटक अध्यक्ष मान चंद नेगी, तहसीलदार कल्पा अभिषेक बरवाल, नायब तहसीलदार कल्पा रविन्द्र ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
