ADVERTISE WITH US
📢 ARB Times के साथ अपने व्यापार को नई पहचान दें | विज्ञापन के लिए संपर्क करें: 9418210413 | ✉ editor@arbtimes.in | arbtimeshp@gmail.com | 🌐 www.arbtimes.in

Rampur Bushahr: रामपुर में मनाया गया राज्य स्तरीय पहाड़ी दिवस 2025, नंद लाल ने किया शुभारंभ

November 15, 2025 11:04 AM
---Advertisement---

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर

गोविंद वल्लभ पंत राजकीय महाविद्यालय, रामपुर में शनिवार को राज्य स्तरीय पहाड़ी दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नंद लाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। यह दिवस भाषा एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा हर वर्ष 1 नवंबर को मनाया जाता है, ताकि वर्ष 1966 में पंजाब पुनर्गठन आयोग की सिफारिशों के आधार पर हिमाचल प्रदेश में सम्मिलित हुए क्षेत्रों की ऐतिहासिक तिथि को याद किया जा सके।

राज्य स्तरीय पहाड़ी दिवस कार्यक्रम में लोकनृत्य पेश करती छात्राएं

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा मंच

कार्यक्रम के पहले सत्र में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक बुशहरी नाटी प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। इसके पश्चात डॉ. विजय कुमार स्टोक्स ने “हिमाचल की लुप्त होती सांस्कृतिक विरासत” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने क्षेत्रीय बोलियों, लोक संगीत, लोक नृत्य और लोक वाद्य यंत्रों के संरक्षण पर विशेष बल दिया। इस सत्र की अध्यक्षता प्रसिद्ध लोक संस्कृति संरक्षक डॉ. सूरत ठाकुर ने की।

 पहाड़ी कवि सम्मेलन में गूंजे हिमाचल के स्वर

द्वितीय सत्र में कुल्लवी नाटी की मनमोहक प्रस्तुति के साथ पहाड़ी कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए कवियों ने अपनी कविताओं के माध्यम से हिमाचल की भाषा, संस्कृति और लोक जीवन का जीवंत चित्रण किया।

कविता पाठ करने वालों में सुरेंद्र मिन्हास, बाबूराम धीमान, प्रेम पाल आर्य, पल्लवी, दोत राम पहाड़िया, हीरालाल ठाकुर, डॉ. राकेश कपूर, कृष्ण चंद्र महादेवीया, भीम सिंह, विनोद गुलेरिया, जाह्नवी, राम भगत, हितेंद्र शर्मा, दीपक शर्मा, अरुण डोगरा, रितु, राजपाल कुतलेहड़िया, हेमंत अत्री, नरेंद्र शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, कल्पना गंगटा, उमा ठाकुर, प्रमोद हर्ष, वंदना राणा और शिवानी जैसे प्रमुख नाम शामिल रहे। इस सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार शक्ति चंद्र राणा ने की।

 प्रदर्शनी ने दिखाई सांस्कृतिक झलक

कार्यक्रम के दौरान हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी द्वारा पुस्तक प्रदर्शनी तथा राज्य अभिलेखागार विभाग द्वारा ऐतिहासिक अभिलेखों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने दर्शकों को हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।

 मंच संचालन एवं उपस्थिति

मंच संचालन का कार्य प्रथम सत्र में  कुसुम संघाइक (उपनिदेशक, भाषा एवं संस्कृति विभाग) और द्वितीय सत्र में मदन हिमाचली ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक सुरेश राणा, मोहन ठाकुर, सुनीला ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment