एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कांगड़ा
बीसीसीआई के सीनियर महिला टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में हिमाचल प्रदेश की टीम 8 अक्तूबर से मैदान में उतरेगी। टीम का लक्ष्य नॉकआउट राउंड में जगह बनाना है। इस बार टूर्नामेंट ग्वालियर में खेला जा रहा है, जहां 8 से 19 अक्तूबर तक लीग मुकाबले होंगे हिमाचल की महिला टीम अपने पूल एलीट सी में सात अन्य टीमों से भिड़ेगी। इनमें कर्नाटक, ओडिशा, हरियाणा, हैदराबाद, छत्तीसगढ़, त्रिपुरा और आंध्र प्रदेश की टीमें शामिल हैं। पहला मुकाबला 8 अक्तूबर को कर्नाटक के खिलाफ खेला जाएगा, जबकि अंतिम लीग मैच 19 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ से होगा।
एचपीसीए ने की टीम की घोषणा
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने टूर्नामेंट के लिए 16 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। टीम की कमान भारतीय महिला क्रिकेट की अनुभवी खिलाड़ी सुषमा वर्मा को सौंपी गई है। सुषमा लंबे समय से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और उनकी कप्तानी में टीम से बेहतर खेल की उम्मीद है।
टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी हैं – नैंसी शर्मा, ज्योति ठाकुर, सुष्मिता कुमारी, मोनिका, यमुना देवी, नीना चौधरी, निकिता, शिवाना, सोनल, देवांशी वर्मा, मनीषा, नितिका चौहान, प्राची चौहान और वसुंधरा फिस्टा।
एचपीसीए ने कहा कि हिमाचल की महिला क्रिकेट टीम पूरी ऊर्जा और जोश के साथ टूर्नामेंट में उतरेगी। उनका लक्ष्य नॉकआउट चरण तक पहुंचना और राज्य के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
हिमाचल के मैचों का शेड्यूल
8 अक्तूबर – कर्नाटक बनाम हिमाचल (ग्वालियर)
9 अक्तूबर – ओडिशा बनाम हिमाचल (ग्वालियर)
11 अक्तूबर – हरियाणा बनाम हिमाचल (ग्वालियर)
13 अक्तूबर – त्रिपुरा बनाम हिमाचल (ग्वालियर)
15 अक्तूबर – हैदराबाद बनाम हिमाचल (ग्वालियर)
17 अक्तूबर – आंध्र प्रदेश बनाम हिमाचल (ग्वालियर)
19 अक्तूबर – छत्तीसगढ़ बनाम हिमाचल (ग्वालियर)
नॉकआउट का रहेगा लक्ष्य
हिमाचल प्रदेश की महिला टीम ने हाल के वर्षों में घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं के जुड़ने से टीम का संयोजन मजबूत नजर आ रहा है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि टीम इस बार शानदार खेल दिखाकर टूर्नामेंट के अगले चरण में अपनी जगह पक्की करेगी।
