एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
एसजेवीएन लिमिटेड के नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2025 का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुई। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने परियोजना परिसर झाकड़ी और डैम साइट नाथपा में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। शपथ में स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, दूसरों को प्रेरित करने और प्रति वर्ष 100 घंटे स्वच्छता कार्य में समर्पित करने का संकल्प लिया गया।
इसके साथ ही हेल्प एज इंडिया की ओर से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से पंचायत दोफदा और मंघारा गांव के स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता शपथ दिलाई गई। जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए परियोजना कार्यस्थलों पर सेल्फी पॉइंट और स्टैंडी भी स्थापित किए गए।स्वच्छता ही सेवा 2025 का यह 9वां संस्करण है, जिसे इस बार “स्वच्छोत्सव” थीम पर पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य संस्कृति, सामुदायिक भागीदारी और उत्सव के उत्साह को जोड़ते हुए, पर्यावरण-अनुकूल और शून्य-अपशिष्ट (Zero Waste) समारोहों के लिए नए मानक स्थापित करना है।
