अहमदाबाद | भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए T20 World Cup 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीती और घरेलू मैदान पर यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली टीम भी बन गई। वहीं, लगातार दूसरी बार टी-20 विश्वकप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही सिमट गई और भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज की।
सैमसन बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

भारतीय टीम की जीत में सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का योगदान बेहद अहम रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांच मैचों में 321 रन बनाए और तीन अर्धशतक जड़े। सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों में उन्होंने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। सैमसन ने मैच के बाद कहा कि यह जीत किसी सपने के सच होने जैसी है। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खराब प्रदर्शन के बाद वह काफी निराश हो गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे। सैमसन ने खुलासा किया कि कठिन समय में उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि सचिन से मिली सलाह और मार्गदर्शन ने उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अभिषेक शर्मा ने भी खेली शानदार पारी
फाइनल मुकाबले में सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी दमदार अर्धशतक जड़कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ था, लेकिन फाइनल में उन्होंने कप्तान और कोच के भरोसे को सही साबित किया। अभिषेक ने कहा कि इस टूर्नामेंट के दौरान उन्हें खुद पर शक होने लगा था, लेकिन टीम मैनेजमेंट और साथियों ने उनका लगातार हौसला बढ़ाया।
जसप्रीत बुमराह बने प्लेयर ऑफ द मैच

फाइनल मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान सूर्य कुमार यादव ने जीत के बाद कहा कि यह पल टीम के लिए बेहद खास है। उन्होंने कहा कि यह एक लंबा सफर रहा और टीम ने पिछले दो वर्षों से लगातार अच्छा क्रिकेट खेला है। उन्होंने सैमसन, अभिषेक शर्मा और बुमराह की तारीफ करते हुए कहा कि टीम में कई मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं और सही समय आने पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।
