एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ननखड़ी क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली टिक्कर–खमाड़ी सड़क के निर्माण एवं सुधार को लेकर लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा किए गए प्रयासों की व्यापक सराहना हो रही है। जिला परिषद सदस्य ननखड़ी वार्ड हुकम चंद ने जारी एक प्रेस बयान में कहा कि यह सड़क वर्षों से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रही है। इसके पूर्ण होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि सामाजिक, शैक्षणिक, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि लोनिवि मंत्री ने सड़क की जर्जर स्थिति को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए न केवल इसके लिए बजट स्वीकृत किया, बल्कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ करवाया। उनके कुशल मार्गदर्शन में विभाग द्वारा तकनीकी स्वीकृति, टेंडर प्रक्रिया और निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी की गईं, जो उनके संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाता है।
इस जनहितकारी कार्य में सातवें वित्तायोग अध्यक्ष एवं विधायक नंद लाल की भूमिका को भी उन्होंने अत्यंत सराहनीय बताया। हुकम चंद ने कहा कि विधायक नंद लाल ने इस सड़क को सदैव क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकता मानते हुए विधानसभा, विभागीय बैठकों और सरकार के विभिन्न मंचों पर मजबूती से उठाया। उनके निरंतर प्रयासों और सतत फॉलोअप के बिना यह कार्य इतनी शीघ्रता से संभव नहीं हो पाता।
उन्होंने इस बात पर भी दुख व्यक्त किया कि जब सरकार और जनप्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र के चहुंमुखी विकास की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं, उसी समय विपक्ष के कुछ लोग इस सड़क को लेकर जनता के बीच निराधार आरोप, भ्रम और दुष्प्रचार फैला रहे हैं। उन्होंने इसे पूरी तरह अनुचित, दुर्भावनापूर्ण और निराशाजनक बताया।
अंत में हुकम चंद ने ननखड़ी क्षेत्र की जनता की ओर से लोनिवि मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक नंद लाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क का कार्य पुनः शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
