एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
टीवी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में क्षय रोग उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को मंगलवार को सम्मानित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों को रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि टीबी उन्मूलन में पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पंचायत प्रतिनिधि लोगों को टीबी के लक्षण, रोकथाम एवं उपचार के प्रति जागरूक कर इस बीमारी के उन्मूलन में अहम योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टीबी एक साधारण एवं पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है, जिसे छुपाने के बजाय समय पर जांच और डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित दवाइयों के सेवन से पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
उन्होंने पंचायतों से आह्वान किया कि वे अब तक किए गए सराहनीय कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखें, ताकि हिमाचल प्रदेश को पूर्णतः टीवी मुक्त बनाया जा सके।
टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत बेहतर कार्य करने वाली कुल 21 पंचायतों को सम्मानित किया गया। इनमें आनी विकास खंड की 9 पंचायतें, बंजार की 2 पंचायतें, कुल्लू की 2 पंचायतें, नगर की 4 पंचायतें, भुंतर की 1 पंचायत, निरमंड की 3 पंचायतें शामिल रहीं।
