एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय के समीप लाल सिंगी गांव में बीती देर रात एक निजी होटल के बाहर गोलीकांड की सनसनीखेज घटना सामने आई। वारदात में युवा कांग्रेस नेता आशु पुरी (निवासी संतोषगढ़) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, होटल रायजादा में बुधवार देर रात एक जन्मदिन समारोह के दौरान आशु पुरी और अन्य युवा मौजूद थे। आधी रात के बाद केक काटने के लिए सभी युवक होटल के बाहर पार्किंग क्षेत्र में पहुंचे। इसी दौरान आशु पुरी का परविंदर निवासी फतेहपुर (पंजाब), परमिंदर पुत्र जरनेल सिंह निवासी बिनेवाल और गुरजीत सिंह मान, प्रधान मराला उधयपुर (पंजाब) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ता चला गया।
विवाद के दौरान आरोपित परमिंदर ने अचानक आशु पुरी पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद आशु के साथियों ने परमिंदर और उसके साथियों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें परमिंदर और गुरजीत मान गंभीर रूप से घायल हो गए।
एसपी ऊना अमित यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
