एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्टेट विजिलेंस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सीजीएसटी इंस्पेक्टर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस विभाग ने आरोपी पर भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
शिकायत पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय व्यवसायी की जीएसटी रिटर्न गलत भर दी गई थी, जिसे सही करने के नाम पर इंस्पेक्टर ने उससे 1.25 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की। इससे परेशान होकर व्यवसायी ने विजिलेंस विभाग के पास शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत की पुष्टि करने के बाद विजिलेंस के डीएसपी फिरोज खान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। योजनाबद्ध तरीके से रिश्वतखोर इंस्पेक्टर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।
योजना के तहत मंगलवार को शिकायतकर्ता व्यवसायी रकम लेकर इंस्पेक्टर के कार्यालय पहुंचा। जैसे ही इंस्पेक्टर ने 50 हजार रुपए की पहली किश्त ली, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, रिश्वत की यह रकम कुल मांग का हिस्सा थी और आगे की जांच में अन्य जानकारियां सामने आ सकती हैं।
ऊना में हुई इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचार पर किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। विजिलेंस ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि जो भी सरकारी कर्मचारी नियमों का उल्लंघन करते हुए भ्रष्टाचार में लिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
