एआरबी टाइम्स ब्यूरो | ऊना
Una School Bus Accident : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के रायंसरी गांव में सोमवार को स्कूल बस की टक्कर से तीन साल की बच्ची की मौत होने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक बलराम सिंह, निवासी घालूवाल, ऊना के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला।
गौरतलब है कि रक्कड़ कॉलोनी स्थित माऊंट कार्मल स्कूल की छात्रा अपनी तीन साल की छोटी बहन के साथ घर लौट रही थी। लगभग 100 मीटर की दूरी तय करने के बाद दोनों छात्राएं बस से उतरीं। तभी चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों पर टक्कर मार दी गई और कंडक्टर साइड का टायर तीन साल की बच्ची पर चढ़ गया। हादसे में बच्ची के सिर, सीने और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। परिवार तुरंत पीजीआई अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही बच्ची की मौत हो गई।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
मंगलवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि पुलिस, आरटीओ और शिक्षा विभाग के अधिकारी इस मामले की हर पहलू पर गहन जांच कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया या नहीं। उधर, रायंसरी गांव में मंगलवार को गमगीन माहौल में बच्ची को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान कई स्थानीय लोग और परिवारजन मौजूद थे। प्रशासन से उपायुक्त उपस्थित रहे और उन्होंने परिवार को सांत्वना दी। हादसे ने स्कूल बस सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़ा कर दिया है। लोग प्रशासन से उम्मीद कर रहे हैं कि आगे ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें
⇒ Una : स्कूल बस की चपेट में आईं सगी बहनें, तीन साल की मासूम की मौत
