एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण टास्क फोर्स समिति की बैठक की। उन्होंने बताया कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मृत्यु दर बढ़ रही है और प्रदेश सरकार द्वारा 14 वर्ष से अधिक उम्र और 15 वर्ष से कम युवतियों को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों से बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया, ताकि लक्षित वर्ग को टीकाकरण के लाभों के बारे में जागरूक किया जा सके। उन्होंने अभिभावक और शिक्षक संवाद से बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी ने स्वास्थ्य विभाग की कोल्ड चेन प्रक्रिया और टीकाकरण कर्मियों की नियुक्ति की जानकारी साझा की। उन्होंने महिलाओं को नियमित जांच और असुरक्षित यौन संबंधों से बचने की सलाह दी।
इसके बाद उपायुक्त ने 23 फरवरी से जिला में शुरू होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान पर बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने शिक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को अभियान का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इस अभियान के दौरान बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से सुरक्षा कवच देने के लिए कृमिनाशक दवाइयां और 1 से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए सिरप दिया जाएगा।
बैठक में डॉ. अश्विनी नेगी, डॉ. प्रवीण शर्मा, कुलदीप सिंह नेगी, संजोक सिंह मेहता, अभिषेक शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।
