एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में अब 13 अक्तूबर को किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह ऐतिहासिक आयोजन पहले वीरभद्र सिंह की जयंती पर 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा और जान-माल की भारी क्षति को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था।
फाउंडेशन ने वीरभद्र सिंह की परंपरा का सम्मान करते हुए आपदा राहत कार्यों में योगदान दिया और 11 लाख रुपये की राशि उपायुक्त मंडी को उन बच्चों की शिक्षा के लिए अर्पित की, जिन्होंने आपदा में अपने माता-पिता को खो दिया। अब कांग्रेस हाईकमान की सहमति और प्रदेश नेतृत्व के परामर्श से यह आयोजन 13 अक्तूबर को पुनर्निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह तथा कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।
