एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमकॉन के प्रबंध निदेशक एवं अध्यक्ष विकेश चौहान ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विकेश चौहान ने उन्हें हिमकॉन का अध्यक्ष बनाए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे पार्टी हाईकमान और सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। विकेश चौहान ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियां ग्राम उत्थान और किसान कल्याण को समर्पित हैं तथा हिमकॉन के माध्यम से इन नीतियों को धरातल पर और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह पहली बार है जब रामपुर विधानसभा क्षेत्र से किसी व्यक्ति को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूर्ण कर लिए हैं और सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में निवास करती है, ऐसे में राज्य सरकार की नीतियां और कार्यक्रम किसान-केंद्रित हैं। ग्रामीण अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित होने के कारण किसानों के आर्थिक उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने ऐतिहासिक पहल करते हुए दूध और प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से गेहूं 60 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्का 40 रुपये प्रति किलोग्राम तथा कच्ची हल्दी 90 रुपये प्रति किलोग्राम के समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। इसके अतिरिक्त गाय का दूध 51 रुपये प्रति लीटर और भैंस का दूध 61 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जिन किसानों को दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित खरीद केंद्रों तक स्वयं दूध पहुंचाना पड़ता है, उन्हें प्रति लीटर 2 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान की जा रही है।





