एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में “यूथ एंड आइकन अवार्ड” से सम्मानित किए जाने के उपलक्ष्य में मंगलवार को रामपुर पहुंचने पर ऐतिहासिक और भव्य स्वागत किया गया। यह सम्मान उन्हें युवा नेतृत्व, बौद्धिक क्षमता, राजनीतिक दक्षता तथा प्रदेश में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन
रामपुर के भैरा खड़ के समीप सैकड़ों स्थानीय नागरिकों, युवाओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों एवं पुष्पवर्षा के साथ मंत्री का स्वागत किया। दत्तनगर, भद्रास, नोगली, निरथ और जीरो पॉइंट डाकोलर सहित विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोगों ने मालाएं और पुष्पगुच्छ भेंट कर अपनी शुभकामनाएं प्रकट कीं। राजदरबार रामपुर में आयोजित भव्य समारोह में हजारों लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
440 करोड़ के विकास कार्यों का उल्लेख
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लगभग 440 करोड़ रुपये के विकास कार्य संपन्न या प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि टिक्कर-खमाड़ी सड़क पर लगभग 55 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं, जबकि ज्यूरी-सराहन सड़क के उन्नयन पर 25 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। मशनू-घराट-ज्यूरी सड़क को पक्का करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
केंद्र से 8 हजार करोड़ का बजट
मंत्री ने जानकारी दी कि उनके विभागों से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से लगभग 8 हजार करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत करवाया गया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रदेश के दूरदराज के गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा। रामपुर से किन्नौर की ओर जाने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर 170 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं तथा बरौनी खड़ में पुल निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है और गौरा मशनू सड़क की जल्द डीपीआर बनाकर उसे भी पक्का किया जाएगा। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण से प्रदेश को संजीवनी बूटी मिली है।
लोगों से किया आह्वान सड़क निर्माण के लिए दें जमीन
लोनिवि मंत्री से लोगों ने कहा कि जिन क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण नहीं हो पा रहा है वहां पर लोनिवि के नाम पर जमीन नहीं है। इसलिए उन्होंने सभी से अपील की क्षेत्र व गांव के विकास को गति देने के लिए जमीनें दान करें और उन लोगों को भी समझाए जो जमीनें देने को तैयार नहीं हो रहे हैं।

जनसमस्याओं के समाधान का आश्वासन
समारोह के बाद मंत्री ने लगभग 70 महिला मंडलों सहित आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान श्री भीमा काली मंदिर न्यास समूह के सौजन्य से उपलब्ध कराई गई तीन एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिनमें दो रामपुर और एक सराहन के लिए समर्पित है।
इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी अमरीन कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
