एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर किया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। सोनिया गांधी रविवार को ही शिमला पहुंच गई थीं, जहां मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उनका पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रदेशभर से हजारों समर्थक अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे।

🔹 रिज मैदान पर तैयारियां पूरी, सुरक्षा जांच के बाद एंट्री
कार्यक्रम के लिए रिज मैदान को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। भव्य मंच तैयार किया गया है, जबकि मंच के सामने सुरक्षा के लिए ‘डी’ आकार का विशेष क्षेत्र बनाया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए वेटिंग एरिया और आम जनता के लिए 7,000 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त 1,000 कुर्सियां रिजर्व रखी जाएंगी। प्रवेश केवल सुरक्षा जांच के बाद ही दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने तैयारियों का जायजा लिया। सुक्खू ने कहा कि यह सरकार का ऐतिहासिक और गरिमामय आयोजन है, जिसमें दिल्ली और देशभर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें : >> राजनीति से परे जनसेवा के प्रतीक थे वीरभद्र सिंह, जानिए उनकी अमर विरासत
🔹 वीरभद्र सिंह की जीवन यात्रा पर प्रदर्शनी
समारोह में वीरभद्र सिंह की जीवन यात्रा पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। अतिथि पहले प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, इसके बाद प्रतिमा का अनावरण और श्रद्धांजलि समारोह होगा। कार्यक्रम के अंत में जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री सुक्खू, उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री और प्रतिभा सिंह संबोधित करेंगी।
