एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
दरकाली पंचायत के धंस रहे शरनाल गांव का विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। टीम में स्थानीय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, भू-संरक्षण विभाग, खंड विकास कार्यालय और पंचायत प्रतिनिधि शामिल रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2023 से यह गांव लगातार धंस रहा है, लेकिन अब तक इसे रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। इस बरसात में गांव का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है, जबकि दो परिवार पूरी तरह बेघर हो चुके हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी विभागों ने कार्रवाई नहीं की तो गांव पूरी तरह तबाह हो जाएगा। भू-संरक्षण विभाग के अधिकारी करण गुलेरिया ने बताया कि भूमि कटाव रोकने के लिए 50 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया है और जल्द कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि फंड की उपलब्धता होते ही भू-स्खलन को रोकने की कोशिशें तेज की जाएंगी।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ऊपर से गुजर रही सड़क से लगातार पानी रिस रहा है। यदि वहां पर कलवट और उचित जल निकासी की व्यवस्था की जाए तो रिसाव रुक सकता है। इस पर लोक निर्माण विभाग ने जल्द कलवट लगाने और पानी की निकासी सुधारने की बात कही।
खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नेगी ने बताया कि क्षेत्र में क्रेट वॉल और अन्य सुरक्षा कार्य शीघ्र शुरू किए जाएंगे। निरीक्षण टीम ने गांव की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताई और भूमि कटाव रोकने के उपायों पर सहमति व्यक्त की।