एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के एक गांव में दुराचार के प्रयास का विरोध करने पर गंभीर रूप से घायल हुई 40 वर्षीय महिला ने पांच दिन बाद पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। महिला को 3 नवंबर को हमले के बाद बेहोशी की हालत में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज लाया गया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर किया। गंभीर घाव के कारण हालत नाजुक बनी हुई थी।
खेत जाते समय 14 साल के लड़के ने किया था हमला
जानकारी के अनुसार 3 नवंबर की दोपहर महिला अपने घर से घास लेने खेत की ओर जा रही थी। रास्ते में पहले से छिपकर बैठे 14 वर्षीय नाबालिग लड़के ने महिला पर दुष्कर्म की नीयत से हमला करने की कोशिश की। महिला ने बचाव किया और शोर मचाया। विरोध करने पर नाबालिग ने पास में मौजूद तेजधार दराती से महिला पर हमला किया। हमले के बाद महिला मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। कुछ समय बाद गांव का एक व्यक्ति रास्ते से गुजर रहा था, उसने खून से लथपथ महिला को देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन महिला को हमीरपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां से पीजीआई रेफर किया था। पांच दिनों तक जीवन-मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद शनिवार को महिला ने अंतिम सांस ली।
नाबालिग पर अब हत्या का मामला भी दर्ज
महिला की मौत के बाद पुलिस ने पहले से दर्ज मामले में हत्या की धारा जोड़ दी। नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेजा गया। पुलिस ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
>> हमीरपुर में 14 वर्षीय नाबालिग ने महिला पर किया हमला, दुराचार के प्रयास के बाद दराती से हमला
