एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के कोटखाई उपमंडल के अंतर्गत गांव शगलटा में शनिवार तड़के एक भीषण अग्निकांड में दो मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पुलिस चौकी बाघी को सुबह करीब 6:30 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था।
मकान के मालिक रजनीश ओक्टा पुत्र मोही राम ओक्टा ने पुलिस को बताया कि वे इन दिनों घर में अकेले रह रहे थे, जबकि उनका परिवार ससुराल गया हुआ था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वे सो गए थे। रात करीब 2:30 बजे उन्हें घुटन महसूस हुई, जिससे उनकी नींद खुली और उन्होंने घर में आग लगी देखी। मकान एकांत स्थान पर होने के कारण आसपास के लोग समय पर नहीं पहुंच सके और आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
पीड़ित ने बताया कि घर में कोई अंगीठी, हीटर या अन्य ज्वलनशील उपकरण चालू नहीं था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
नायब तहसीलदार कलबोग ने बताया कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की फौरी राहत, तिरपाल, कंबल व अन्य आवश्यक सामग्री दी गई है। बर्फबारी के कारण दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच सका। पीड़ित के लिए गांव में ही अस्थायी ठहरने की व्यवस्था कर दी गई है।
