एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन रामपुर ने लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। एसोसिएशन की बैठक अध्यक्ष बुद्धि सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें पदाधिकारियों और सदस्यों ने सरकार के पास लंबित देनदारियों पर नाराजगी जताई।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के एरियर, डीए और चिकित्सा भत्तों की करोड़ों रुपये की राशि अब तक लंबित है। भुगतान न होने से पेंशनरों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महासचिव अमोलक राम ने बताया कि बैठक में लंबित मांगों को लेकर आगामी रणनीति तैयार की गई और सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि 16 मार्च को शिमला में आयोजित रैली में पेंशनर बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इसके अलावा 30 मार्च को विधानसभा घेराव में भी हिस्सा लिया जाएगा।
पेंशनरों ने एरियर, डीए और मेडिकल बिलों की राशि लंबे समय से लंबित रहने पर गहरा रोष व्यक्त किया। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बैठक में लायक राम नेगी, सुखदेव, श्यामू राम, विनोद नेगी, गोकल राम, वीर सिंह, बुद्धि राम, सेवा राम, श्याम लाल, नीरम दास, गुलाब दासी, कांता देवी, बांका राम, कैलाश चंद, बिहारी लाल, अनोखी राम, कर्म दास, चेतराम, शाड़ूराम, सोना देवी, गोपू राम, राधा देवी, सैंज राम, मोती लाल, मान दास, पूर्ण चंद, शकुंतला देवी, फुलवा देवी और ठाकुर दास सहित कई पेंशनर मौजूद रहे।
