एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सुंदरनगर
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंडी जिले के सुंदरनगर में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया। राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ भारत’ विज़न के तहत सभी नागरिकों को बेहतर, सुलभ और समान स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
टीबी मुक्त भारत के लिए जन आंदोलन जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि क्षय रोग (टीबी) आज भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है, लेकिन राज्य में इसके मामलों में कमी आई है। वर्ष 2022 में जहां टीबी के 15,760 मामले थे, वहीं 2025 में यह घटकर 14,653 रह गए हैं। यह स्वास्थ्य विभाग और जनभागीदारी के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। राज्य में लाखों लोगों की टीबी जांच की गई है, जिनमें से बड़ी संख्या में एक्स-रे के माध्यम से स्क्रीनिंग की गई, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है।

टीबी मुक्त ग्राम पंचायत’ अभियान को मिल रही सफलता
राज्यपाल ने बताया कि ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत’ अभियान के तहत लगातार प्रगति हो रही है। 2023 में 731 पंचायतें (20%), 2024 में 823 पंचायतें (23%) और 2025 में 1,052 पंचायतें (29%) टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है। राज्य में 5,176 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहां विशेष रूप से आयुष्मान आरोग्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने शिविर का निरीक्षण किया, टीबी मुक्त भारत अभियान के दूसरे चरण का लोगो जारी किया और मरीजों को पोषण किट वितरित की। साथ ही टीबी चैंपियंस को सम्मानित किया गया और उपस्थित लोगों ने टीबी मुक्त भारत की शपथ ली।
