एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर विधानसभा क्षेत्र के देवठी व तकलेच में मंगलवार को भाजपा नेता एवं पूर्व हिमकोफेड चेयरमैन कौल सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘कुपोषण मुक्त भारत’ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पोषण किटों का वितरण किया। ये किटें मंडी सांसद कंगना रनौत के प्रयासों से उपलब्ध करवाई गई थीं, जिन्हें गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को सौंपा गया।
इस अवसर पर कौल सिंह ने कहा कि ‘सही पोषण–देश रोशन’ के नारे के साथ चलाया जा रहा यह अभियान माताओं और बच्चों को कुपोषण से मुक्त कर एक स्वस्थ एवं सशक्त भारत की नींव रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी सोच की सराहना करते हुए कहा कि कुपोषण मुक्त भारत का सपना साकार करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने सांसद कंगना रनौत द्वारा क्षेत्र के लिए पोषण किटें उपलब्ध करवाने पर आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे गरीब जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य में सुधार होगा। कौल सिंह ने कहा कि गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छोटे बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि उन्हें कुपोषण से बचाया जा सके और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित हो।
उन्होंने सभी माताओं-बहनों से पोषण के प्रति जागरूक रहने का आग्रह करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही यह अभियान पूरी तरह सफल हो सकता है।
इस दौरान भाजपा मंडल महामंत्री राम मूर्ति चौहान, भाजयुमो अध्यक्ष दीप कुमार, पुरुषोत्तम कुमार, रवि शीरशू, धुली सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
