एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu के निर्देशानुसार राज्य सरकार ने चतुर्थ श्रेणी के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए या सेवा के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट की शेष 30 प्रतिशत राशि को तत्काल जारी करने के आदेश दिए हैं।
सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि इस अवधि के दौरान कर्मचारियों को अंतरिम राहत के रूप में पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी किस्त के साथ-साथ मूल पेंशन एवं पारिवारिक पेंशन पर महंगाई भत्ते की 12 किस्तों का भुगतान पहले ही किया जा चुका है। इन किस्तों को पेंशन या पारिवारिक पेंशन के बकाया के साथ समायोजित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि संबंधित पेंशन वितरक प्राधिकरणों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस भुगतान प्रक्रिया के बाद सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट से जुड़े सभी लंबित बकाया का पूर्ण निपटान सुनिश्चित किया जाए।
