शिमला | हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए सरकारी डिग्री और संस्कृत कॉलेज रैंकिंग जारी कर दी है। टियर-1 श्रेणी में हमीरपुर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय कॉलेज ने 1034.5 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। शिमला के राजकीय कन्या महाविद्यालय (RKMV) ने 1020 अंकों के साथ दूसरा और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस राजकीय कॉलेज संजौली ने 1018 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
1100 अंकों के निर्धारित पैमाने पर तैयार इस रैंकिंग में कॉलेजों की ऑनलाइन स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट और स्पॉट मूल्यांकन को आधार बनाया गया। जारी परिणामों में प्रदेश के विभिन्न सरकारी कॉलेजों के शैक्षणिक और संस्थागत प्रदर्शन का आकलन किया गया है।
टियर-1 में रामपुर चौथे और मंडी पांचवें स्थान पर
टियर-1 श्रेणी में रामपुर बुशहर के गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल राजकीय कॉलेज ने 1016.5 अंक लेकर चौथा स्थान हासिल किया। मंडी के वल्लभ राजकीय कॉलेज को 1004 अंक मिले और वह पांचवें स्थान पर रहा। शिमला के चौड़ा मैदान स्थित राजीव गांधी राजकीय कॉलेज ने स्पॉट मूल्यांकन में 974.5 अंक हासिल किए, जबकि घुमारवीं के स्वामी विवेकानंद राजकीय कॉलेज को 955 अंक मिले। ऑनलाइन मूल्यांकन के आधार पर अंब के महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज ने आठवां, सीमा कॉलेज ने नौवां और बिलासपुर कॉलेज ने दसवां स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर कॉलेजों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। टियर-1 में 1000 से अधिक विद्यार्थियों वाले, टियर-2 में 500 से अधिक विद्यार्थी संख्या वाले और टियर-3 में 500 से कम विद्यार्थियों वाले कॉलेज शामिल हैं।
टियर-2 में ठियोग पहले, भोरंज दूसरे स्थान पर
टियर-2 श्रेणी में राजकीय कॉलेज ठियोग ने 980 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। भोरंज कॉलेज ने स्पॉट मूल्यांकन में 973 अंक हासिल कर दूसरा स्थान पाया। कॉलेज का ऑनलाइन मूल्यांकन स्कोर 890.5 अंक था। अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय डिग्री कॉलेज सुन्नी 932.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। अर्की कॉलेज ने 928 अंक लेकर चौथा और सरस्वती नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री राजकीय कॉलेज ने 913.5 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। बंजार कॉलेज छठे और बीटन स्थित संत ढंगू वाला गुज्जर राजकीय कॉलेज सातवें स्थान पर रहा।
टियर-3 में संगड़ाह कॉलेज ने मारी बाजी
टियर-3 श्रेणी में सिरमौर जिले के राजकीय कॉलेज संगड़ाह ने 955 अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया। ऑनलाइन मूल्यांकन में भी कॉलेज को 953 अंक मिले थे। हमीरपुर जिले का धनेटा कॉलेज 815 अंकों के साथ दूसरे और सोलन जिले का दाड़लाघाट कॉलेज 804 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। सिरमौर जिले के हरिपुरधार कॉलेज ने 785 अंक लेकर चौथा और सराहन कॉलेज ने 773 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। धर्मपुर कॉलेज को 757 और कांगड़ा जिले के शिवनगर कॉलेज को 709 अंक मिले।
