एआरबी टाइम्स ब्यूरो । शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। बालूगंज थाना क्षेत्र के चौड़ा मैदान निवासी एक व्यक्ति से ‘बल्क शेयर डील’ के नाम पर 14 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे बुना गया ठगी का जाल?
शिकायतकर्ता के अनुसार, 31 अक्तूबर को उन्हें व्हाट्सएप पर ‘NB Group’ नामक एक ग्रुप में शामिल होने का आमंत्रण मिला। ग्रुप में दावा किया गया कि बल्क शेयर डील के माध्यम से निवेश करने पर बेहद कम समय में भारी मुनाफा कमाया जा सकता है। जालसाजों के झांसे में आकर व्यक्ति ने कुल 15.50 लाख रुपये का निवेश कर दिया। शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए ठगों ने शिकायतकर्ता को 1.5 लाख रुपये निकालने की अनुमति दी, जो उनके खाते में क्रेडिट भी हो गए। इस सफल निकासी ने पीड़ित का भरोसा और मजबूत कर दिया। हालांकि, जब उन्होंने दोबारा 7 लाख रुपये निकालने की कोशिश की, तो उन्हें तुरंत व्हाट्सएप ग्रुप से बाहर कर दिया गया। ठगों ने पैसे वापस करने के बदले और पैसों की मांग शुरू कर दी, जिससे पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। बाद में असली ‘एनबी ग्रुप’ से ईमेल के जरिए पुष्टि हुई कि उनके नाम पर फर्जी ऐप और ग्रुप चलाकर यह ठगी की जा रही थी। साइबर ठगी का यह कोई इकलौता मामला नहीं है। कुछ दिन पहले ही एक पेंशनर को ऑनलाइन ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफे का लालच देकर 36 लाख रुपये की चपत लगाई गई थी। उस मामले में भी जालसाजों ने पहले खाते में फर्जी मुनाफा दिखाया और फिर ‘निकासी शुल्क’ के नाम पर लाखों रुपये ऐंठ लिए। जिले में हर महीने निवेश से जुड़े 2-3 मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें लोग अपनी जीवन भर की कमाई गंवा रहे हैं।
बचाव के लिए मुख्य बातें:
- सत्यापित प्लेटफॉर्म: केवल सेबी (SEBI) द्वारा प्रमाणित ऐप और कंपनियों के माध्यम से ही निवेश करें।
- अज्ञात लिंक से बचें: व्हाट्सएप या सोशल मीडिया पर आने वाले लुभावने निवेश लिंक्स पर क्लिक न करें।
- तुरंत रिपोर्ट करें: यदि आप ठगी का शिकार होते हैं, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लॉटरी या निवेश के ऑफर की पहले जांच करें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें।
