एआरबी टाइम्स ब्यूरो
आनी(कुल्लू)। आनी उपमंडल के नए बस अड्डा क्षेत्र में मंगलवार सुबह भूस्खलन की घटना के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए 8 भवनों को एहतियातन खाली करवाया है। भूस्खलन की चपेट में एक निर्माणाधीन भवन का एक हिस्सा गिर गया, जिसके बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया। खाली किए गए भवनों में रहने वाले लोगों को पंचायत समिति के पास बने लोक भवन और गेस्ट हाउस में अस्थायी रूप से शिफ्ट किया गया है। प्रशासन की ओर से इन लोगों के ठहरने और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
एसडीएम ने किया स्थल का निरीक्षण, दिए निर्देश
एसडीएम लक्ष्मण कनेट और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अन्य भवनों पर भी खतरा मंडरा रहा है। इसी के चलते लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भवनों को खाली कराने के आदेश जारी किए गए।
कोई जानी नुकसान नहीं, निगरानी के लिए तैनात किए गए पुलिस कर्मी
एसडीएम लक्ष्मण कनेट ने बताया कि जो भवन क्षतिग्रस्त हुआ, वह वर्ष 2023 से खाली था, इसलिए किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस अड्डा क्षेत्र में दो पुलिस जवानों को तैनात किया गया है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
सेवाओं की बहाली के लिए युद्ध स्तर पर कार्य
उन्होंने कहा कि उपमंडल आनी में विभिन्न विभाग भारी बारिश के बावजूद सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं को बहाल करने में जुटे हुए हैं। कुछ क्षेत्रों में समस्या अधिक होने के कारण कार्य में विलंब हो सकता है, लेकिन प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है।
लोगों से सहयोग की अपील, बरतें सतर्कता
एसडीएम ने आम जनता से सहयोग की अपील की और कहा कि किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए सभी को सतर्क रहना चाहिए। प्रशासन पूरी तरह चौकस है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी भी रहे मौजूद
भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान तहसीलदार रत्नेश्वर शर्मा, बीडीओ विद्या चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।
