एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
राजकीय महाविद्यालय रामपुर की रेड रिबन इकाई ने एड्स के रोकथाम और बचाव विषय पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में रामपुर कॉलेज सहित आसपास के 10 शिक्षण संस्थानों के 44 छात्रों और नोडल अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की काउंसलर रमिंदर शर्मा ने एड्स के प्रसार, रोकथाम और बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्रों को एड्स से जुड़े नए पहलुओं और वर्तमान समय में इसकी स्थिति के बारे में विस्तृत रूप से अवगत कराया।
रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारियों और पीयर छात्रों के साथ विचार-विमर्श सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें समाज में एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने सभी छात्रों से आग्रह किया कि वे इस विषय पर जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें, ताकि समाज से इस महामारी को समाप्त किया जा सके।
