एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कांगड़ा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के धर्मशाला में एंटी-चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन का नेतृत्व किया। दाड़ी ग्राउंड से शुरू होकर पुलिस ग्राउंड तक पहुंचे इस वॉकथॉन में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। जागरूकता रैली के दौरान बच्चे ऊर्जावान नशा विरोधी नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मुख्यमंत्री स्वयं बच्चों के साथ पैदल चले और कई स्थानों पर उनसे बातचीत कर उन्हें नशा मुक्त हिमाचल की मुहिम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक उनके साथ सेल्फी ली।

पुलिस ग्राउंड पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने चिट्टा माफिया के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि देवभूमि में नशा तस्करों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने बताया कि पीआईटी एंड एनडीपीएस अधिनियम को वर्षों बाद प्रभावी रूप से लागू किया गया है और अब तक 46 बड़े तस्करों को हिरासत में लिया गया है। नशे से अर्जित 46 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नया हिमाचल है और चिट्टे के आखिरी अंश के खात्मे तक यह निर्णायक लड़ाई जारी रहेगी। यह सिर्फ तस्करों के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ फेंकने का मिशन है। उन्होंने कहा, “जो भी हमारी युवा पीढ़ी को नशे की ओर धकेलेगा, वह सीधे जेल जाएगा। उसका खेल खत्म।”
उन्होंने बताया कि एएनटीएफ, एसटीएफ, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय विभागों के साथ-साथ हर नागरिक अब इस संघर्ष का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वह यहां मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की रक्षा करने वाली ढाल बनकर उपस्थित हैं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से नशा तस्करी की सूचना साझा करने की अपील करते हुए पुरस्कार राशि की घोषणा की —
-
2 ग्राम चिट्टा: ₹10,000
-
5 ग्राम: ₹25,000
-
25 ग्राम: ₹50,000
-
1 किलो: ₹5,00,000
-
1 किलो से अधिक: ₹10,00,000
-
बड़े गिरोह की सूचना: ₹5 लाख से अधिक इनाम
उन्होंने बताया कि चिट्टा संबंधी किसी भी सूचना के लिए 112 आपातकालीन नंबर जारी किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशा निवारण की शपथ दिलाई गई तथा गुब्बारों और पैराग्लाइडर के माध्यम से भी जागरूकता संदेश प्रसारित किया गया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, हिप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली सहित कई विधायक, अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे।
