एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
आर्यावर्त इंस्टीट्यूट रामपुर में शनिवार को आर्यावर्त इंस्टीट्यूट और दी आर्ट ऑफ लिविंग, रामपुर के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर एवं अंगदान जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल में समाज के विभिन्न वर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्यावर्त इंस्टीट्यूट के प्रमुख प्रबंधक कौल सिंह नेगी रहे। वहीं दी आर्ट ऑफ लिविंग, रामपुर के समन्वयक ललित मोहन भारती और पीयूष मेहता विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर आर्यावर्त एजुकेशनल वेलफेयर एंड चैरिटेबल सोसायटी, रामपुर ब्लॉक के अध्यक्ष प्रदीप धडेल एवं सचिव ओम बगैई ने भी सहभागिता निभाई।
शिविर के दौरान कुल 64 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 50 प्रतिभागियों ने अंगदान के लिए प्रतिज्ञा पत्र भरकर संकल्प लिया। सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में आर्यावर्त इंस्टीट्यूट के प्रबंध निदेशक पीयूष प्राथी सहित समस्त स्टाफ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अतिरिक्त ब्रो रोड क्षेत्र के व्यापारियों ने भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया, जिससे आयोजन और अधिक प्रभावशाली बन सका।
समापन अवसर पर अतिथियों ने कहा कि रक्तदान और अंगदान सर्वोत्तम मानवीय सेवा है, जो जरूरतमंदों को नया जीवन और आशा प्रदान करती है।
