एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
जिला शिमला के थाना सुन्नी के अंतर्गत बसंतपुर में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राम प्रवेश राम उर्फ कुटुम्ब (25), निवासी जिला मोतिहारी, बिहार के रूप में हुई है, जो 15 मार्च से लापता था। मृतक के पिता चतुरी राम ने 15 मार्च को थाना सुन्नी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर मामले का खुलासा हुआ।
रविवार को थाना प्रभारी दिलू राम शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बसंतपुर के पास एक खेत में दबाया गया शव बरामद किया। शव को गड्ढा खोदकर मिट्टी में छिपाया गया था। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर प्रारंभिक पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सुन्नी भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसके साथ रहने वाले साथियों ने ही की है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक अपने तीन साथियों—विकेश, अरुण और महेश—के साथ बसंतपुर में किराए के मकान में रहता था। ये सभी गृह निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे, जिनमें अरुण ठेकेदार का काम करता था। पुलिस ने कमरे की तलाशी के बाद उसे सील कर दिया था और मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सड़क से करीब 20 मीटर नीचे झाड़ियों में एक बोरा और कंबल भी मिला, जिससे संदेह और गहरा गया। इसके बाद खेत में खुदाई करने पर शव बरामद हुआ।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की आगे की जांच जारी है।
